Whatsapp Storage: आज के समय में हमारे स्मार्टफोन में सबसे ज्यादा इस्तेमाल होने वाला ऐप अगर कोई है तो वह व्हाट्सएप ही है. आज के वक्त में दोस्त, रिश्तेदारों, जान पहचान वालों से लेकर ऑफिस के भी सभी ग्रुप बने होते हैं. जिनमें आने वाले वीडियो और फोटोज से चैट भर जाती है. खासकर त्योहारों के सीजन में तो बधाइयों वाले फोटो और वीडियो जमकर आते हैं. इसका सीधा असर हमारे फोन की मेमोरी पर पड़ता है.
कई बार स्थिति ऐसी हो जाती है कि फोन की स्टोरेज पूरी तरह फुल हो जाती है और मोबाइल हैंग करने लगता है. हम परेशान होकर अपनी जरूरी पुरानी तस्वीरें और ऐप्स डिलीट करने लगते हैं. लेकिन फिर भी कुछ दिनों बाद वही दिक्कत सामने आ जाती है. अगर आप भी बार-बार फोन की मेमोरी भरने से परेशान हैं तो आपको अपने फोन से कुछ भी डिलीट करने की जरूरत नहीं है. बस व्हाट्सएप की तीन आसान सेटिंग्स को तुरंत बदलना होगा.
मीडिया ऑटो-डाउनलोड को बंद करके बचाएं मेमोरी
फोन की स्टोरेज भरने की सबसे बड़ी वजह व्हाट्सएप का ऑटो-डाउनलोड फीचर होता है. जब आप नया फोन लेते हैं तो यह सेटिंग अपने आप चालू रहती है. इसका नुकसान यह होता है कि किसी भी ग्रुप या चैट में आने वाली हर फोटो, ऑडियो और वीडियो बिना आपकी मर्जी के अपने आप डाउनलोड होकर फोन में सेव हो जाती है. इनमें से ज्यादातर मैसेज हमारे किसी काम के नहीं होते. इसे रोकने के लिए सबसे पहले व्हाट्सएप की सेटिंग्स में जाएं और वहां स्टोरेज एंड डेटा वाले ऑप्शन पर क्लिक करें.
यहां आपको मीडिया ऑटो-डाउनलोड के नीचे तीन ऑप्शन मिलेंगे, जिनमें मोबाइल डेटा, Wi-Fi और रोमिंग शामिल हैं. आपको इन तीनों पर एक-एक करके टैप करना है और फोटो, ऑडियो, वीडियो और डॉक्यूमेंट्स के आगे लगे टिक को हटाकर ओके कर देना है. इसके बाद कोई भी फाइल तभी डाउनलोड होगी जब आप खुद उस पर क्लिक करेंगे.

मीडिया विजिबिलिटी ऑफ करें
कई बार हम देखते हैं कि व्हाट्सएप पर हम कोई फोटो सिर्फ एक बार देखने के लिए डाउनलोड करते हैं. लेकिन वह सीधा हमारे फोन की मेन गैलरी में जाकर सेव हो जाती है. धीरे-धीरे फोन की गैलरी फालतू के स्क्रीनशॉट्स, मीम्स और फॉरवर्डेड वीडियो से भर जाती है और हमारी असली तस्वीरों के लिए जगह ही नहीं बचती. इस समस्या से हमेशा के लिए छुटकारा पाने के लिए आपको मीडिया विजिबिलिटी नाम की सेटिंग को बंद करना होगा.
इसके लिए व्हाट्सएप की सेटिंग्स में जाकर चैट्स वाले सेक्शन को खोलें. यहां आपको मीडिया विजिबिलिटी का एक टॉगल बटन दिखाई देगा जिसे आपको ऑफ कर देना है. आप चाहें तो किसी खास ग्रुप या दोस्त की चैट प्रोफाइल में जाकर भी सिर्फ उसके लिए यह सेटिंग बंद कर सकते हैं. इसे बंद करने का सबसे बड़ा फायदा यह होगा कि डाउनलोड की गई फोटो आप व्हाट्सएप चैट के अंदर तो देख सकेंगे लेकिन वह फोन की मेमोरी और गैलरी को नहीं भरेगी.

यह भी पढ़ें: दिवाली की झालर खरीदते समय इन बातों का रखें ध्यान, वरना बढ़ जाएगा बिजली बिल
डिसअपीयरिंग मैसेज ऑन करें
अगर आप ऐसे ग्रुप्स में जुड़े हैं जहां रोजाना ढेरों मैसेज और फाइल्स आती हैं. तो डिसअपीयरिंग मैसेज फीचर आपके बहुत काम आ सकता है. यह एक तरह का ऑटो-क्लीनर है. जब आप इसे ऑन कर देते हैं तो चैट में आने वाले सारे पुराने मैसेज और मीडिया फाइल्स एक तय समय के बाद अपने आप गायब हो जाते हैं. इसे चालू करने के लिए व्हाट्सएप सेटिंग्स के प्राइवेसी सेक्शन में जाएं और डिफॉल्ट मैसेज टाइमर पर क्लिक करके चौबीस घंटे, सात दिन या नब्बे दिन में से कोई एक ऑप्शन चुन लें.
ऐसे खाली करें स्टोरेज
इसके अलावा पहले से भरी हुई स्टोरेज को खाली करने के लिए गैलरी में भटकने की जरूरत नहीं है. आप सीधा स्टोरेज एंड डेटा में जाकर मैनेज स्टोरेज पर क्लिक करें. यहां व्हाट्सएप खुद आपको दिखा देगा कि कौन-सी फाइल्स 5 एमबी से बड़ी हैं और कौन-से वीडियो बार-बार फॉरवर्ड किए गए हैं. आप यहीं से एक क्लिक में सारा भारी कचरा साफ करके कई जीबी स्पेस खाली कर सकते हैं.
यह भी पढ़ें: Air Purifier: एयर प्यूरीफायर खरीदने से पहले, जान लें ये 3 जरूरी बातें
