India

PM Modi Birthday Live: PM मोदी का 77वां जन्मदिन, गुजरात में जलाए जाएंगे 88 लाख दिए

N
ABP News
September 17, 20262 min read
PM Modi Birthday Live: PM मोदी का 77वां जन्मदिन, गुजरात में जलाए जाएंगे 88 लाख दिए

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 77वें जन्मदिन के मौके पर भारतीय जनता पार्टी देशभर में कार्यक्रम करवाएगी. इस दौरान गुजरात में गुरुवार (17 सितंबर) को 18,500 से अधिक जगहों पर 88 लाख से ज्यादा मिट्टी के दीये जलाए जाए जाएंगे. इसके अलावा, वडनगर से वाराणसी तक बाइक रैली, मंदिरों में पूजा-अर्चना, आरती और कई अन्य कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे.

गुजरात सरकार और भाजपा की ओर से जारी विवरण के मुताबिक, ‘आशीर्वाद नो दिवडो’ (आशीर्वाद का दीपक) कार्यक्रम शाम सात बजे राज्य के विभिन्न जिलों, नगर निगमों, नगरपालिकाओं और स्थानीय इकाइयों में आयोजित किया जाएगा. इससे पहले शाम छह बजे से भक्ति संगीत, सत्संग और सांस्कृतिक कार्यक्रम शुरू होंगे.

राज्य सरकार के प्रवक्ता एवं कैबिनेट मंत्री जीतू वाघाणी ने कहा, 'प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन के अवसर पर 18,500 से अधिक स्थानों पर 88 लाख से ज्यादा मिट्टी के दीये प्रज्ज्वलित किए जाएंगे और उनके दीर्घायु होने एवं देश की निरंतर सेवा के लिए प्रार्थना की जाएगी.'

भाजपा 17 सितंबर से सात अक्टूबर तक राज्यव्यापी ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाएगी. सात अक्टूबर को मोदी के निर्वाचित जनप्रतिनिधि के तौर पर 25 वर्ष पूरे होंगे. ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत बृहस्पतिवार सुबह प्रधानमंत्री के जन्मस्थान वडनगर से वाराणसी के लिए एक बाइक रैली रवाना होगी. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह इस कार्यक्रम में शामिल होंगे.

मोदी सात अक्टूबर 2001 से 22 मई 2014 तक गुजरात के मुख्यमंत्री रहे थे. वह वर्तमान में वाराणसी लोकसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं. गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष जगदीश विश्वकर्मा, महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल समेत कई नेता कार्यक्रमों में शामिल होंगे.

भाजपा की ओर से जारी एक विज्ञप्ति के मुताबिक, पार्टी नेता एवं लोकसभा सदस्य वीडी शर्मा ने गांधीनगर में एक संवाददाता सम्मेलन में बताया कि ‘वडनगर से वाराणसी’ और ‘वाराणसी से वडनगर’ तक बाइक रैलियों को 17 सितंबर को मोदी के जन्मदिन पर दोनों शहरों से एकसाथ रवाना किया जाएगा और सात अक्टूबर को इनका समापन होगा.

Topics & Tags:#India
PM Modi Birthday Live: PM मोदी का 77वां जन्मदिन, गुजरात में जलाए जाएंगे 88 लाख दिए | BharatSay.com