India

PM मोदी ने हमले के बाद सुखबीर बादल का जाना हाल, पत्नी हरसिमरत कौर को किया फोन

N
ABP News
August 13, 20262 min read
PM मोदी ने हमले के बाद सुखबीर बादल का जाना हाल, पत्नी हरसिमरत कौर को किया फोन

शिरोमणि अकाली दल (SAD) के प्रमुख सुखबीर सिंह बादल पर हुए हमले के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनका हाल जाना है. सूत्रों के मुताबिक, पीएम मोदी ने सुखबीर बादल की पत्नी हरसिमरत कौर बादल से फोन पर बात की और उनके स्वास्थ्य के बारे में पूछा.

पंजाब के पूर्व उप-मुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल पर महाराष्ट्र के नांदेड़ में गुरुद्वारा माता साहिब देवान जी मुगत में कृपाण से हमला हुआ. इसमें वो घायल हो गए. नांदेड़ के पुलिस अधीक्षक (एसपी) नीलाभ रोहन ने बताया कि एक निहंग ने गुरुद्वारे के अंदर बादल पर कृपाण से हमला किया. हमलावर को हिरासत में ले लिया गया है.

सीएम ने बादल से फोन पर की बात

उन्होंने कहा कि बादल को एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है. बादल के हाथ में तीन टांके लगे हैं. महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बादल पर हुए हमले की जांच के आदेश दिए हैं. फडणवीस ने बादल को फोन कॉल कर उनकी सेहत के बारे में जानकारी ली.

उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने भी सुखबीर सिंह बादल की पत्नी और सांसद हरसिमरत कौर बादल से फोन पर बातचीत की. इस दौरान उन्होंने सुखबीर सिंह बादल के स्वास्थ्य की भी जानकारी ली और उनके जल्द से जल्द पूरी तरह स्वस्थ होने की प्रार्थना की. उन्होंने कहा, “इस हमले के दोषियों को किसी भी परिस्थिति में बख्शा नहीं जाएगा. हमलावरों के खिलाफ जल्द से जल्द और बेहद कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी.”

बीजेपी-अकाली दल में बढ़ी नजदीकी

बता दें कि पिछले कुछ दिनों में बीजेपी और अकाली दल की नजदीकी बढ़ी है. सात अगस्त को सुखबीर सिंह बादल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की थी. इस मुलाकात के बाद बादल ने महिला आरक्षण बिल पर समर्थन देने का ऐलान किया. अब अटकलें लगाई जा रही है कि क्या आगामी विधानसभा चुनाव में बीजेपी और अकाली दल का गठबंधन होगा. बीजेपी और अकाली दल के बीच लंबा गठबंधन रहा है, लेकिन किसान आंदोलन के समय सितंबर 2020 में गठबंधन टूट गया.

Topics & Tags:#India