India

महिला आरक्षण-वंदे मातरम पर स्मृति ईरानी की राहुल को चुनौती, क्या कहा?

N
ABP News
August 23, 2026•3 min read
महिला आरक्षण-वंदे मातरम पर स्मृति ईरानी की राहुल को चुनौती, क्या कहा?

भारतीय जनता पार्टी (BJP) की महासचिव और पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने कांग्रेस सांसद और लोकसभा में LoP राहुल गांधी को महिलाओं और पितृसत्ता (Patriarchy) पर टिप्पणी करने को लेकर बड़ी चुनौती दी है. स्मृति ईरानी ने राहुल गांधी को चुनौती दी है कि वे संसद और विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण को तुरंत लागू करने के लिए समर्थन करें और कांग्रेस मुख्यालय में वंदे मातरम का पूरा संस्करण गाया जाए.

पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी का यह टिप्पणी शनिवार (22 अगस्त, 2026) को लोकसभा LoP राहुल गांधी की तरफ से पुणे में आयोजित छात्रों की गूंज कार्यक्रम में पितृसता को खत्म करने के आह्वान के एक दिन बाद रविवार (23 अगस्त) को सामने आई है.

राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए बोलीं स्मृति ईरानी

स्मृति ईरानी ने कहा, ‘राहुल गांधी को महिलाओं के अधिकारों के लिए समर्थन को असलियत में कार्रवाई के रूप में बदलते हुए महिला आरक्षण कानून के जल्द से जल्द लागू करने का समर्थन करना चाहिए.’ उन्होंने कहा, ‘क्योंकि कांग्रेस पार्टी के एक प्रमुख नेता ने महिलाओं और महिला नेतृत्व के समर्थन में बात की है, इसलिए मैं उनसे विनम्रता के साथ अनुरोध करती हूं कि वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उस पहल का आगे बढ़कर समर्थन करें, जिसके तहत संसद में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने वाले कानून को जल्द से जल्द लागू किया जाना है.’

राष्ट्रगीत वंदे मातरम गाने पर क्या बोलीं ईरानी?

इसके साथ ही, ईरानी ने कांग्रेस को यह भी चुनौती दी कि क्योंकि उन्होंने धर्म का जिक्र किया है, इसलिए कांग्रेस के उस प्रमुख नेता से मेरा एक अनुरोध है कि राष्ट्रगीत वंदे मातरम की कुछ पंक्तियों में देवी दुर्गा का जिक्र है, जिन्हें कांग्रेस हेडक्वार्टर में गाए जाने से रोक दिया गया था.

उन्होंने देवी लक्ष्मी, सरस्वती और दुर्गा की पूजा का उदाहरण देते हुए कहा कि हिंदू परंपराओं में महिलाओं का सम्मान किया जाता है. बीजेपी नेता ने कहा, ‘हम देवी दुर्गा को शक्ति के स्वरूप के रूप में पूजते हैं. मैं अनुरोध करती हूं कि कांग्रेस हेडक्वार्टर में वंदे मातरम को पूरे अंतरों के साथ गाया जाए, जिसमें देवी दुर्गा का आह्वान करने वाले अंतरे भी शामिल हों.’

यह भी पढ़ेंः BJP के Gen-Z प्रोग्राम पर CJP का तंज, सौरव दास बोले - 'शानदार फैसला...'

Topics & Tags:#India