India

सौरव दास ने कोर्ट से रिहाई के आदेश पर दी पहली प्रतिक्रिया, ‘सच्चाई की...’

N
ABP News
October 21, 2026•2 min read
सौरव दास ने कोर्ट से रिहाई के आदेश पर दी पहली प्रतिक्रिया, ‘सच्चाई की...’

कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के सह-संयोजक सौरव दास ने बुधवार (21 अक्टूबर, 2026) को स्पेशल एक्जिक्यूटिव मजिस्ट्रेट (SEM) कोर्ट की तरफ से रिहाई के आदेश के बाद प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा, ‘सच्चाई की जीत हुई है. सत्यमेव जयते.’

दरअसल, दिल्ली की स्पेशल एक्जिक्यूटिव मजिस्ट्रेट (SEM) कोर्ट ने 14 अक्टूबर को जंतर मंतर के प्रतिबंधित इलाके में प्रदर्शन करने के मामले को लेकर बुधवार (21 अक्टूबर) को सुनवाई की. इस दौरान सीजेपी के दोनों सह-संयोजकों सौरव दास और आशुतोष रांका को मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया गया. सुनवाई के दौरान जमानतदारों के कागजात भी जमा किए गए. इसके बाद SEM कोर्ट ने सौरव दास और आशुतोष रांका को न्यायिक हिरासत से रिहा करने का आदेश दिया.

सौरव-रांका की रिहाई पर अभिजीत दीपके का इमोशनल पोस्ट

वहीं, कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने सौरव दास और आशुतोष रांका की रिहाई के आदेश पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स – इंस्टाग्राम और X पर इमोशनल पोस्ट शेयर किया है. उन्होंने बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान की फिल्म ‘चक दे इंडिया’ के एक इमोशनल सीन का क्लिप शेयर करते हुए लिखा, ‘मेरे भाई अब आजाद हैं.’

7 दिनों से न्यायिक हिरासत में थे सौरव दास और आशुतोष रांका

दिल्ली पुलिस ने CJP नेता सौरव दास और आशुतोष रांका को 14 अक्टूबर को जंतर मंतर को प्रोटेस्ट साइट की सूची से बाहर करने के बाद भी वहां जबरन घुसने और शांति बनाए रखने के लिए भरे गए बॉन्ड के उल्लंघन के आरोप में हिरासत में लिया था. इसके बाद, जब उन्हें SEM कोर्ट में पेश किया गया, तो अदालत ने शुरुआत में उन्हें पांच दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया.

वहीं, शुरुआती न्यायिक हिरासत का समय पूरा होने के बाद कोर्ट ने 19 अक्टूबर को उनकी हिरासत को दो दिन के लिए बढ़ा दिया था. ऐसे में उनकी न्यायिक हिरासत का कुल 7 दिनों की हो गई.

यह भी पढे़ंः '...तो फिर जाएंगे हाई कोर्ट', सौरव दास-आशुतोष रांका को झटका लगने के बाद करीबी का बयान

Topics & Tags:#India