India

4000 पुलिसकर्मी, CAPF की 270 कंपनियां तैनात, INDIA गठबंधन की रैली से पहले दिल्ली बनी किला

N
ABP News
November 1, 2026•3 min read
4000 पुलिसकर्मी, CAPF की 270 कंपनियां तैनात, INDIA गठबंधन की रैली से पहले दिल्ली बनी किला

दिल्ली के रामलीला मैदान में आज (1 नवंबर 2026) होने वाली इंडिया गठबंधन की रैली के मद्देनजर 4,000 से अधिक पुलिसकर्मियों और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (CAPF) की कंपनियों को तैनात किया गया है. सुरक्षा के मद्देनजर कार्यक्रम स्थल को 14 जोन में बांटा गया है और 200 से अधिक CCTV कैमरे लगाए गए हैं. अधिकारियों के अनुसार, पुलिस ने इस रैली के लिए सुरक्षा और ट्रैफिक के व्यापक इंतजाम किए हैं.

इंडिया गठबंधन की रैली में लगभग 50,000 लोगों के शामिल होने की उम्मीद है. सुरक्षाबलों की तैनाती मिंटो ब्रिज से कार्यक्रम स्थल तक के मार्च रूट और रामलीला मैदान पर है. पुलिस कमिश्नर अनुराग कुमार ने शनिवार को मिंटो रोड और रामलीला मैदान में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया. उनके साथ स्पेशल कमिश्नर, जॉइंट कमिश्नर और सेंट्रल तथा नई दिल्ली जिलों के डिप्टी कमिश्नर समेत कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे.

CAPF की 270 कंपनियों की तैनाती
एक अधिकारी ने बताया कि सुरक्षा बलों की तैनाती कार्यक्रम स्थल तक जाने वाले रास्ते और रैली मैदान दोनों जगहों पर होगी. भीड़ को काबू करने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अलग-अलग जिलों के पुलिसकर्मियों के साथ-साथ CAPF की कंपनियों को भी तैनात किया गया है. हाल ही में हुए कई विरोध प्रदर्शनों को देखते हुए इस महीने की शुरुआत में बुलाई गई CAPF की 270 कंपनियों की तैनाती को तीसरी बार बढ़ाकर 16 नवंबर तक कर दिया गया है.

अधिकारी ने बताया कि रामलीला मैदान के अंदर एक कंट्रोल रूम बनाया गया है, जबकि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए दंगा-रोधी वाहन और अन्य निगरानी उपकरण तैनात रहेंगे. कार्यक्रम स्थल के सभी 14 जोनों की देखरेख असिस्टेंट कमिश्नर ऑफ पुलिस (ACP) रैंक के अधिकारी करेंगे, जबकि दो जोनों की निगरानी एडिशनल DCP रैंक के अधिकारी करेंगे. वरिष्ठ अधिकारी इन सभी इंतजामों पर कड़ी नजर रखेंगे.

रैली में कितने लोग आएंगे
पुलिस ने बताया कि रैली में आने वालों को तय गेटों से ही प्रवेश मिलेगा और वहां मेटल डिटेक्टर से स्क्रीनिंग की जाएगी. अधिकारियों के अनुसार, रामलीला मैदान में 45,000 से 50,000 लोग आ सकते हैं. हालांकि कुर्सियां, घेरे और रास्ते बनाने के बाद पुलिस का अनुमान है कि वहां लगभग 30,000 से 40,000 लोग जुटेंगे. भीड़ बहुत ज्यादा न हो जाए और भगदड़ जैसी स्थिति न बने इसके लिए अतिरिक्त जगह छोड़ी जाएगी.

पुलिस ने क्या बताया
एक अधिकारी ने बताया कि अगर और लोग आते हैं, तो उन्हें मैदान के बाहर तय की गई जगहों पर बिठाया जाएगा. रैली के लिए सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक की अनुमति दी गई है. पुलिस ने आयोजकों से कहा है कि वे भीड़ को नियंत्रित करने, लोगों की आवाजाही को सुगम बनाने और पीने के पानी का इंतजाम करने के लिए वॉलंटियर्स को तैनात करें. अधिकारियों ने बताया कि वीआईपी लोगों के लिए अलग-अलग प्रवेश द्वार बनाए गए हैं.

कई चौराहों पर ट्रैफिक डायवर्जन
अधिकारियों ने बताया कि कई चौराहों पर ट्रैफिक डायवर्जन किया जाएगा, लेकिन पैदल चलने वालों के रास्ते में कोई बदलाव नहीं होगा. LNJP अस्पताल और GB पंत अस्पताल जाने वाली एंबुलेंस और आपातकालीन वाहनों को बिना किसी रुकावट के रास्ता मिल सके, इसके लिए भी विशेष इंतजाम किए जाएंगे. पुलिस ने आयोजकों से यह भी कहा है कि वे आमंत्रित लोगों, स्वयंसेवकों और रैली में लोगों को लाने वाली बसों की जानकारी दें और पार्किंग के इंतजामों के लिए ट्रैफिक पुलिस के साथ तालमेल बिठाएं.

आयोजकों को निर्देश दिया गया है कि वे अनुशासन बनाए रखें और ऐसे भाषण देने से बचें जिनसे सांप्रदायिक सद्भाव बिगड़ सकता है. दूसरी ओर, रामलीला मैदान के आसपास के व्यापारियों ने चिंता जताई है कि भारी भीड़ और ट्रैफिक पाबंदियों के कारण दिवाली से ठीक पहले उनके कारोबार पर बुरा असर पड़ सकता है.

ये भी पढ़ें

दिल्ली में इंडिया गठबंधन की रैली, हरियाणा में मार्च करेंगे नितिन नवीन, क्या है BJP का प्लान?

Topics & Tags:#India
4000 पुलिसकर्मी, CAPF की 270 कंपनियां तैनात, INDIA गठबंधन की रैली से पहले दिल्ली बनी किला | BharatSay.com