India

दिल्ली में इंडिया गठबंधन की रैली, हरियाणा में मार्च करेंगे नितिन नवीन, क्या है BJP का प्लान?

N
ABP News
November 1, 2026•2 min read
दिल्ली में इंडिया गठबंधन की रैली, हरियाणा में मार्च करेंगे नितिन नवीन, क्या है BJP का प्लान?

बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन रविवार (1 नवंबर) को हरियाणा के रोहतक में 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' पद यात्रा का नेतृत्व करेंगे. यह कार्यक्रम विपक्ष के खिलाफ बीजेपी के राष्ट्रव्यापी अभियान का हिस्सा है. बीजेपी का आरोप है कि विपक्ष गलत जानकारी फैला रहा है, दुष्प्रचार कर रहा है.

बीजेपी ने विपक्ष पर जानबूझकर अराजकता पैदा करने का आरोप लगाया है. इसी के विरोध में नितिन नवीन इस पद यात्रा का नेतृत्व करेंगे. दिलचस्प बात यह है कि रविवार को ही विपक्षी इंडिया गठबंधन दिल्ली के रामलीला मैदान में एक रैली करेगा, जो कथित वोट चोरी और अन्य मुद्दों के खिलाफ है.

रोहतक में नितिन नवीन की पद यात्रा
बीजेपी ने एक बयान में कहा है कि यह पद यात्रा छोटू राम पॉलिटेक्निक ग्राउंड से शुरू होकर मॉडल टाउन के डी-पार्क में समाप्त होगी, जहां नितिन नवीन महात्मा गांधी की प्रतिमा पर फूल चढ़ाकर उन्हें श्रद्धांजलि भी देंगे. बयान के अनुसार बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन 1 नवंबर को हरियाणा के रोहतक में एक विशाल पद यात्रा का नेतृत्व करेंगे. यह पद यात्रा पार्टी के राष्ट्रव्यापी अभियान लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ का हिस्सा है, जिसे विपक्ष के दुष्प्रचार, प्रोपेगेंडा और जानबूझकर फैलाई गई अराजकता का जवाब देने के लिए शुरू किया गया है.

'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' का नारा
बीजेपी का कहना है यह पहल महज एक राजनीतिक कार्यक्रम से कहीं बढ़कर है. यह हताश विपक्ष द्वारा रचे गए झूठ, साजिशों और अशांति के खिलाफ एक दृढ़ वैचारिक आंदोलन है. 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' के संकल्प के साथ, बीजेपी का हर कार्यकर्ता गांव-गांव और घर-घर जाकर विपक्ष के झूठे नैरेटिव को बेनकाब कर रहा है और लोगों के सामने सीधे तथ्य रख रहा है. पार्टी ने आगे बताया कि इस मार्च में हरियाणा बीजेपी अध्यक्ष अर्चना गुप्ता, पार्टी के वरिष्ठ नेता, हजारों कार्यकर्ता और स्थानीय लोग शामिल होंगे.

बीजेपी की इस पद यात्रा को लेकर कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने दावा किया है कि बीजेपी भले ही सोच रही है कि उनके घर के सामने प्रदर्शन से उनकी रैली में भीड़ कम जुटेगी, लेकिन अब डेढ़ गुणा लोग दिल्ली पहुंचेंगे.

ये भी पढ़ें

इंडिया ब्लॉक की रामलीला मैदान में आज महारैली, गरजेगा विपक्ष, सत्ता पक्ष का रहेगा खास फोकस

Topics & Tags:#India
दिल्ली में इंडिया गठबंधन की रैली, हरियाणा में मार्च करेंगे नितिन नवीन, क्या है BJP का प्लान? | BharatSay.com