ग्रेटर बेंगलुरु विकास और संसदीय कार्य मंत्री कृष्णा बायरे गौड़ा के पोस्टर लगाने के मामले में उनके ही एक समर्थक के खिलाफ FIR दर्ज कराई गई है. मंत्री के पोस्टर सार्वजनिक दीवारों पर बिना अनुमति लगाए जाने पर ग्रेटर बेंगलुरु अथॉरिटी (GBA) के अधिकारियों ने कार्रवाई की है.
GBA अधिकारी ने पुलिस में दर्ज कराई शिकायत
GBA अधिकारी गोविंदप्पा बजंत्री की शिकायत के आधार पर बुधवार (19 अगस्त, 2026) को विद्यारण्यपुरा पुलिस ने शिवकुमार के खिलाफ मामला दर्ज किया है. शिकायत में कहा गया है कि दैनिक निरीक्षण के दौरान राजधानी बेंगलुरु के विद्यारण्यपुरा के वार्ड नंबर 10 के अंतर्गत आने वाले अधिकार क्षेत्र में सार्वजनिक सड़कों और दीवारों पर बिना किसी आधिकारिक अनुमति के कागजी पोस्टर चिपकाए हुए पाए गए.
एफआईआर में क्या दर्ज की गई शिकायत?
शिकायत के मुताबिक, बेंगलुरु उत्तर नगर निगम की पूर्व अनुमति के बिना सार्वजनिक दीवारों पर पोस्टर चिपकाकर शहर की सुंदरता को नुकसान पहुंचाया गया. इसके साथ ही, इन पोस्टरों को हटाने के लिए नगर निगम कर्मचारी अनावश्यक रूप से काम करने के लिए भी मजबूर हुए.
GBA अधिकारी ने अपनी शिकायत में बिना अनुमति पोस्टर चिपकाने वाले शख्स शिवकुमार के खिलाफ पुलिस से उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की.
पुलिस मामले की कर रही जांच, मुद्दा बना चर्चा का विषय
शिकायत के बाद बेंगलुरु पुलिस ने शिवकुमार के खिलाफ FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. वहीं, मंत्री कृष्णा बायरे गौड़ा के समर्थन में लगाए गए पोस्टर को लेकर उनके ही समर्थक पर FIR दर्ज होना अब चर्चा का विषय बन गया है.
कौन हैं कृष्णा बायरे गौड़ा?
कृष्णा बायरे गौड़ा कर्नाटक के वर्तमान मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार के अंतर्गत ग्रेटर बेंगलुरु विकास और संसदीय कार्य मंत्री के रूप में कार्यरत हैं. दरअसल, पिछले काफी समय से कृष्णा बायरे गौड़ा राजधानी बेंगलुरु में अतिक्रमण के खिलाफ की जा रही सख्त कार्रवाइयों की वजह से चर्चा में बने हुए हैं.
यह भी पढ़ेंः ‘क्या अमित शाह अब पटेल से भी बड़े हो गए...’, वंदे मातरम विवाद पर भड़के खेड़ा
