India

मोहन भागवत के कार्यक्रम से पहले AHEAD पर एक्शन, X ने अकाउंट किया सस्पेंड

N
ABP News
August 27, 20262 min read
मोहन भागवत के कार्यक्रम से पहले AHEAD पर एक्शन, X ने अकाउंट किया सस्पेंड

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X ने अमेरिकन हिंदूज फॉर एंगेजमेंट एंड डायलॉग (AHEAD) फोरम का अकाउंट सस्पेंड कर दिया है. AHEAD फोरम न्यूयॉर्क में होने वाले एक कार्यक्रम का आयोजक है. इस कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के प्रमुख मोहन भागवत के शामिल होने की संभावना है.

AHEAD फोरम की ओर से आयोजित यह कार्यक्रम 29 अगस्त 2026 को न्यूयॉर्क के मैडिसन स्क्वायर गार्डन में होना है. कार्यक्रम को लेकर भारतीय मूल के लोगों और हिंदू समुदाय के बीच काफी चर्चा है. मोहन भागवत के कार्यक्रम में शामिल होने की खबर के बीच AHEAD फोरम का X अकाउंट सस्पेंड होना भी चर्चा का विषय बन गया है. हालांकि, अभी तक यह साफ नहीं है कि X ने अकाउंट को किस वजह से बंद किया है.

X ने अकाउंट क्यों किया सस्पेंड?

फिलहाल X की ओर से AHEAD फोरम के अकाउंट को सस्पेंड करने की वजह को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है. मोहन भागवत के न्यूयॉर्क कार्यक्रम को लेकर अमेरिका में रहने वाले भारतीय समुदाय की भी नजर बनी हुई है. अब देखना होगा कि 29 अगस्त को होने वाला कार्यक्रम तय कार्यक्रम के अनुसार होता है या नहीं और X की ओर से AHEAD अकाउंट को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी दी जाती है या नहीं.

USCIRF की आपत्ति

अमेरिकी USCIRF ने भी भागवत की अमेरिका यात्रा को लेकर चिंता जताई है और अमेरिकी सरकार से RSS से जुड़े कुछ लोगों के खिलाफ लक्षित प्रतिबंधों पर विचार करने और भागवत का वीजा रद्द करने की अपील की है. भारत के विदेश मंत्रालय ने USCIRF की टिप्पणियों को पक्षपातपूर्ण और विश्वसनीयता की कमी वाला बताया है.

कौन है मोहन भागवत?

मोहन भागवत राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के छठे सरसंघचालक हैं. वे वर्ष 2009 से RSS का नेतृत्व कर रहे हैं. उनका पूरा नाम मोहन मधुकर भागवत है. भागवत ने छात्र जीवन में RSS से जुड़कर संगठन में काम शुरू किया. वे अलग-अलग जिम्मेदारियां संभालते हुए 2000 में RSS के सरकार्यवाह बने. इसके बाद 2009 में उन्हें संघ का सरसंघचालक चुना गया. सरसंघचालक के तौर पर वे RSS की विचारधारा, संगठन विस्तार और सामाजिक गतिविधियों से जुड़े प्रमुख फैसलों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं.

Topics & Tags:#India