India

PM मोदी के पिता पर खरगे का कमेंट, बवाल के बाद शिकायत दर्ज, आज BJP का देशभर में प्रदर्शन

N
ABP News
October 26, 2026•3 min read
PM मोदी के पिता पर खरगे का कमेंट, बवाल के बाद शिकायत दर्ज, आज BJP का देशभर में प्रदर्शन

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कथित तौर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पिता को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी, जिसको लेकर सियासी बवाल मच गया है. इस मामले को लेकर खरगे के खिलाफ पटना में शिकायत भी दर्ज हो गई है. केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कांग्रेस को घेरा है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष ने सारी मर्यादाएं तार-तार कर दी हैं. भारतीय जनता पार्टी ने देशभर में खरगे के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करने की घोषणा की है.

दरअसल, कांग्रेस के कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आलोचना करते हुए खरगे भाषण दे रहे थे. इसी दौरान दर्शकों में मौजूद एक व्यक्ति ने कथित तौर पर बीच में हस्तक्षेप करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी कहीं नहीं जाने वाले हैं. इस पर खरगे ने विवादित बयान दे दिया. इस टिप्पणी के बाद राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया.

बिहार भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य कृष्ण कुमार ने यह शिकायत दर्ज कराते हुए मामले की जांच की मांग की है. यह विवाद बिहार की राजधानी पटना स्थित बापू सभागार में बिहार के पहले मुख्यमंत्री श्रीकृष्ण सिंह की जयंती पर आयोजित कांग्रेस के कार्यक्रम के दौरान खरगे के संबोधन के समय हुआ.

खरगे के खिलाफ शिकायत में क्या कहा गया

अपनी शिकायत में कृष्ण कुमार ने कहा कि उन्होंने टेलीविजन पर प्रसारित खबरों के माध्यम से कथित टिप्पणी के बारे में जाना, जिससे उन्हें गहरी ठेस पहुंची. उन्होंने कहा कि सार्वजनिक मंच से किसी व्यक्ति के परिवार के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी करना संवेदनशील मामला है. सार्वजनिक जीवन में गरिमा और आपसी सम्मान बनाए रखना जरूरी है.

अमित शाह ने कांग्रेस को घेरा

घटना के सामने आए वीडियो में कथित तौर पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं को भाषण के बीच हस्तक्षेप करने वाले व्यक्ति के साथ भिड़ते और मारपीट करते हुए देखा गया. खरगे की टिप्पणी पर भाजपा नेताओं ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने बयान की आलोचना की. वहीं, बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने खड़गे और कांग्रेस नेता राहुल गांधी से माफी मांगने की मांग की.

कांग्रेस ने खरगे का किया बचाव

कांग्रेस ने खरगे की टिप्पणी का बचाव किया है. उसने दावा किया कि पटना में भाषण के दौरान भाजपा के एक कार्यकर्ता ने पहले खरगे के दिवंगत पिता का अपमान किया था और इसी के जवाब में वरिष्ठ नेता ने प्रधानमंत्री मोदी के ‘वैचारिक पिता’ यानी राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) का जिक्र किया था.

कांग्रेस ने आरोप लगाया कि पिछले कुछ महीनों में यह दूसरी बार है, जब खरगे का ‘अपमान’ किया गया है. कांग्रेस ने कहा कि अगस्त में उत्तराखंड में एक रैली में खरगे के भाषण के बाद ‘शुद्धिकरण’ जैसा अपमानजनक काम किया था.

यह भी पढ़ें : ब्राजील में लूला दा सिल्वा ने जीता राष्ट्रपति चुनाव, चौथी बार संभालेंगे सत्ता

Topics & Tags:#India
PM मोदी के पिता पर खरगे का कमेंट, बवाल के बाद शिकायत दर्ज, आज BJP का देशभर में प्रदर्शन | BharatSay.com